चंडीगढ़, बढ़ती महंगाई के विरोध में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन के बाहर ‘चीनी का लंगर’ लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने करीब 500 गरीब और जरूरतमंद परिवारों को चीनी के पैकेट बांटे। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आवश्यक खाद्य वस्तुओं के दाम नियंत्रित करने की मांग की।
लक्की ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि चीनी समेत सरसों के तेल, रिफाइंड तेल और दालों के दाम बढ़ने से लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस के अनुसार, चीनी की कीमत कुछ समय पहले करीब 45 रुपये किलो थी, जो अब 70 से 75 रुपये किलो तक पहुंच गई है।
दूसरे खाद्य पदार्थों का भी लगेगा ‘लंगर’
लक्की ने कहा कि कांग्रेस आने वाले दिनों में प्याज, टमाटर, सरसों के तेल, रिफाइंड तेल और दालों का ‘लंगर’ लगाकर महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराएगी। उन्होंने सरकार से आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाने और गरीब व मध्यम वर्ग को राहत देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष जसबीर सिंह बंटी, सुरजीत सिंह ढिल्लों, राजदीप सिंह सिद्धू, विपंजोत सिंह अमन और दलजीत सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।