चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सेक्टर-28सी में 23 दिवसीय ‘उषा मल्टी-स्किल्ड तकनीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम’ मंगलवार को संपन्न हुआ। इसमें 25 उम्मीदवारों ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। कार्यक्रम का आयोजन 3 से 25 अगस्त तक किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप बहु-कौशल तकनीकी प्रशिक्षण देना तथा उनकी रोजगार क्षमता और उद्यमशीलता कौशल को बढ़ाना था।
प्रशिक्षुओं को तकनीकी किट बांटी
समापन समारोह में तकनीकी शिक्षा निदेशक, यूटी चंडीगढ़ पालिका अरोड़ा (पीसीएस) ने शिरकत की। उन्होंने प्रशिक्षुओं से बातचीत कर उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि उद्योगों की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए बहु-कौशल व्यावसायिक प्रशिक्षण का महत्व लगातार बढ़ रहा है।
पालिका अरोड़ा ने सफल प्रशिक्षुओं को उनके व्यावसायिक करियर में मदद के लिए विशेष तकनीकी प्रशिक्षण किट भी वितरित कीं। इस अवसर पर आईटीआई के प्रधानाचार्य, वरिष्ठ अधिकारी और उषा इंटरनेशनल लिमिटेड के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उन्होंने प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई दी