चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में ‘खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेरा युवा भारत (MY Bharat) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने खेल हस्तियों के साथ संवाद किया। इस दौरान अनुशासन, मानसिक मजबूती, निरंतर अभ्यास और खेल भावना को सफलता की कुंजी बताया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के सीधे प्रसारण से हुई। उन्होंने देश में खेलों के विकास, युवा नेतृत्व और 2036 ओलंपिक की मेजबानी के भारत के संकल्प पर प्रकाश डाला।
खेल दिग्गजों ने साझा किए अनुभव
RGNIYD क्षेत्रीय केंद्र में वेटलिफ्टर विकास ठाकुर और पैरा-एथलीट राजन ढकल ने युवाओं से संवाद किया। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज अंजुम मौदगिल ने प्रतिस्पर्धा और मानसिक अनुशासन पर बात की। GGDSD कॉलेज में हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर, पैरा-एथलीट बबनप्रीत कौर और रोइंग चैंपियन भगवान सिंह ने टीम वर्क व रणनीति के महत्व पर विचार रखे। MCM DAV कॉलेज में जूडोका मेहक सिंह ने मानसिक मजबूती और शारीरिक दक्षता पर जोर दिया।
नशा-मुक्ति का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को MY Bharat पर पंजीकरण तथा VBYLD 2027 क्विज में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में सभी स्थलों पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की सामूहिक शपथ दिलाई गई।