चंडीगढ़ । गोल्डन एज सीनियर सिटीजन एसोसिएशन की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए सेक्टर-35 स्थित सामुदायिक केंद्र में विशेष ‘गेट-टुगेदर’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने मनोरंजक और सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लिया तथा आपसी मेलजोल का आनंद उठाया।
समारोह में एरिया पार्षद प्रेमलता मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं। एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल सूद, सचिव दीपक रिखी और वित्त सचिव रेखा छाबड़ा सहित पदाधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिक एवं समाजसेवी सुरिंदर वर्मा को सम्मानित किया।
मनोरंजन के साथ मनाए जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ
कार्यक्रम में तंबोला, गीत-संगीत, गिद्दा, लाइव ढोल, डांस और भांगड़ा सहित कई प्रस्तुतियां हुईं। इस दौरान एसोसिएशन के सदस्यों के जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ भी मनाई गई।
अध्यक्ष गोपाल सूद ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से पहली बार इस तरह का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।