चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सर्जिकल तकनीक और प्रशिक्षण को नई दिशा दे सकती है, लेकिन एक कुशल सर्जन तैयार करने में शिक्षक की भूमिका की जगह नहीं ले सकती। निर्णय क्षमता, साहस, करुणा, नैतिकता और विनम्रता जैसे गुण तकनीक से नहीं, बल्कि अनुभवी गुरु के मार्गदर्शन से विकसित होते हैं। यह बात किम्स हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के डॉ. आर. ए. शास्त्री ने शुक्रवार को पीजीआईएमईआर में आयोजित छठे प्रो. बी. एल. तलवार स्मृति व्याख्यान में कही।
डॉ. शास्त्री ने ‘द टीचर लाइव्स ऑन: सर्जिकल विजडम फ्रॉम प्रो. बी. एल. तलवार इन द डिजिटल एरा ऑफ एआई एंड सिमुलेशन’ विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा, “तकनीक हाथ का मार्गदर्शन कर सकती है, लेकिन सर्जन को केवल शिक्षक ही गढ़ सकता है।”
एआई को अपनाएं, लेकिन शिक्षक की भूमिका बरकरार रहे
डॉ. शास्त्री ने कहा कि एआई सिमुलेशन, चिकित्सा साहित्य के विश्लेषण, अवधारणात्मक शिक्षा और सर्जिकल कौशल विकसित करने में उपयोगी है। हालांकि, इसका उद्देश्य शिक्षक का स्थान लेना नहीं बल्कि उसके काम को अधिक प्रभावी बनाना होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भविष्य का सर्जन न तो एआई को खारिज करेगा और न ही उस पर पूरी तरह निर्भर होगा। वह तकनीक को सहायक साधन के रूप में इस्तेमाल करते हुए मानवीय निर्णय और अनुभव को प्राथमिकता देगा।
पीजीआईएमईआर से करीब पांच दशक पुराने जुड़ाव को याद करते हुए डॉ. शास्त्री ने संस्थान में लौटने को “घर वापसी जैसा अनुभव” बताया। उन्होंने प्रो. बी. एल. तलवार के साथ बिताए शुरुआती वर्षों को याद करते हुए कहा कि उनके गुरु ने सर्जिकल कौशल के साथ कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने की समझ भी विकसित की।
उन्होंने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा केवल निर्देशों तक सीमित नहीं है। इसमें वर्षों के अनुभव से विकसित वह समझ शामिल होती है, जिसे किताबों, मशीनों या एआई से पूरी तरह हासिल नहीं किया जा सकता।
प्रो. तलवार की विरासत को याद किया
पीजीआईएमईआर के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने संस्थान की संस्थापक पीढ़ी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “आज हम जिस गौरव और प्रतिष्ठा का अनुभव कर रहे हैं, वह हमारे संस्थापक पुरोधाओं की देन है।”
उन्होंने प्रो. तलवार को महान सर्जन के साथ बेहद विनम्र व्यक्ति बताया। प्रो. लाल ने सेवानिवृत्ति के बाद बैंक की कतार में प्रो. तलवार के धैर्यपूर्वक खड़े रहने का प्रसंग साझा किया। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्वों की विरासत को केवल स्मरण करने के बजाय उनके मूल्यों को संस्थान की कार्यसंस्कृति में उतारना चाहिए।
गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सर्जरी, एचपीबी एवं लीवर ट्रांसप्लांटेशन विभाग के प्रमुख प्रो. राजेश गुप्ता ने डॉ. शास्त्री का परिचय देते हुए उनके पीजीआईएमईआर से एमएस की शिक्षा प्राप्त करने और इंस्टीट्यूट मेडल हासिल करने का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि डॉ. शास्त्री ने बाद में लैप्रोस्कोपिक सर्जरी तथा लीवर सर्जरी एवं प्रत्यारोपण में प्रशिक्षण लिया और निजाम्स इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, हैदराबाद में सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की स्थापना की।
प्रो. गुप्ता ने बताया कि डॉ. शास्त्री ने 60 से अधिक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र प्रकाशित किए हैं और विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पेशेवर संस्थाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
पीजीआईएमईआर के डीन (अकादमिक) प्रो. संजय जैन ने कहा कि किसी संस्थान के लिए यह गौरव की बात है कि उसके विद्यार्थी आगे चलकर अपने क्षेत्र के नेता और शिक्षक बनें और फिर अपनी मातृसंस्था में लौटकर नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करें।
कार्यक्रम में संकाय सदस्यों, पूर्व प्रोफेसरों, सर्जनों, विद्यार्थियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। व्याख्यान में सर्जिकल उत्कृष्टता, मरीज-केंद्रित देखभाल, नैतिक चिकित्सा व्यवहार और गुरु-शिष्य परंपरा के मूल्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।