चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ पुलिस ने शराब बरामदगी, साइबर ठगी और विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार तीनों मामलों की जांच जारी है।
32 हाफ शराब बरामद, आरोपी जमानत पर
पुलिस ने 27 अगस्त को इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अतुल फर्नीचर के पास से रामदरबार फेज-2 निवासी ओम प्रकाश को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से रॉयल जनरल व्हिस्की की 32 हाफ बोतल बरामद हुईं। इस संबंध में थाना सेक्टर-31 में एफआईआर नंबर 140 के तहत एक्साइज एक्ट की धारा 61-1-14 के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया। मामले की जांच जारी है।
फर्जी APK भेजकर 4.13 लाख की साइबर ठगी
साइबर क्राइम थाना सेक्टर-17 में रंजन कुमार की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर नंबर 146 दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार उसे गैस बिल भुगतान के लिए फर्जी अडानी गैस APK फाइल भेजी गई, जिसके जरिए उसके साथ 4.13 लाख रुपये की ठगी हुई। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विदेश भेजने के नाम पर 3.50 लाख की ठगी
थाना सेक्टर-26 में लुधियाना निवासी मोहम्मद रजा अंसारी की शिकायत पर हर्ष बेनीवाल, सुखजीत सिंह और रेयात सॉल्यूशंस कंसल्टेंसी, सेक्टर-26, चंडीगढ़ से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि विदेश भेजने के नाम पर उससे 3.50 लाख रुपये लिए गए और उसके साथ धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने एफआईआर नंबर 110 के तहत बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।