चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने शनिवार को सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ‘स्वच्छता की कार्यशाला’ में विद्यार्थियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यशाला का आयोजन नगर निगम चंडीगढ़ ने किया। तिवारी ने विद्यार्थियों को ‘स्वच्छता एंबेसडर’ बनने और स्कूल से स्वच्छता व जिम्मेदार कचरा प्रबंधन का संदेश घरों और समुदाय तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों और आकांक्षाओं पर भी बातचीत की।
चार श्रेणियों में कचरा अलग करने की जानकारी
नगर निगम अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्रोत पर कचरा अलग करने और चार-बिन व्यवस्था की जानकारी दी। इसमें गीला, सूखा, सैनिटरी और अन्य कचरे को अलग रखने की प्रक्रिया समझाई गई। विद्यार्थियों को कचरे के उचित निस्तारण के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए।
कार्यशाला में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त बलबीर राज सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. इंदरीप कौर और निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने चर्चा में भाग लेते हुए स्वच्छता और कचरा प्रबंधन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।