चंडीगढ़, सेक्टर-49 स्थित वार्ड-35 की EWS कॉलोनी में बढ़े बिजली बिल और असुरक्षित बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों की परेशानी सामने आई। सिटीजन फोरम वार्ड-35 के प्रधान एवं आम आदमी पार्टी के स्टेट मीडिया इंचार्ज विक्रांत ए. तंवर की ओर से बिजली बिल समाधान कैंप लगाया गया। इसमें CPDL के अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर समाधान किया।
तंवर ने कहा कि दिहाड़ीदार मजदूरों के घरों में केवल पंखे होने के बावजूद बिजली बिल एक हजार रुपये से अधिक आ रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई के बीच गरीब परिवारों के लिए इतना बिल भरना मुश्किल है। उन्होंने पंजाब में 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना का हवाला देते हुए चंडीगढ़ के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को भी राहत देने की मांग की।
तंवर ने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ के बिजली विभाग के निजीकरण के बाद आम उपभोक्ताओं पर बिलों का बोझ बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि कई परिवारों के बिल पहले की तुलना में कई गुना बढ़े हैं।
लटकती तारों से हादसे का खतरा
तंवर ने EWS कॉलोनी का निरीक्षण कर बिजली के खंभों और स्ट्रीट लाइटों पर खुले कनेक्शन और लटकती तारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल सुरक्षा निरीक्षण करवाकर असुरक्षित कनेक्शन ठीक कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजली केवल बिल का नहीं, लोगों की जान और सुरक्षा का भी सवाल है। आने वाले समय में ऐसे समाधान कैंप जारी रखने की बात भी कही।