चंडीगढ़, कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा, पंजाब की ओर से कर्मचारी कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। महानियंत्रक संचार लेखा (सीजीसीए) वंदना गुप्ता मुख्य अतिथि और वरिष्ठ उप महानिदेशक (पीएएफ) राजीव कुमार विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम में सोलर पैनल, बुक बैंक, रक्तदान शिविर, खुले व्यायाम स्थल, हर्बल वाटिका और प्रस्तावित कार्यस्थल से जुड़ी पहलों का उद्घाटन व अवलोकन किया गया। सोलर पैनल परियोजना पर प्रस्तुति भी दी गई। नियंत्रक संचार लेखा, पंजाब विजेंद्र एन. टंडन ने कार्यालय की विभिन्न कल्याणकारी और पर्यावरण-अनुकूल पहलों की जानकारी दी।
रक्तदान में 30 स्वयंसेवक शामिल
सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में एनसीए-एफ के करीब 30 स्वयंसेवकों ने रक्तदान किया। वहीं, हर्बल वाटिका में कपूर का पौधा लगाया गया और कर्मचारियों के लिए स्थापित खुले व्यायाम स्थल का भी अवलोकन किया गया। बेहतर कार्य-सुविधाओं के लिए प्रस्तावित कार्यस्थल की आधारशिला रखी गई।
सौर ऊर्जा से 45 हजार यूनिट बिजली उत्पादन
कार्यालय परिसर में स्थापित सोलर प्लांट का भी उद्घाटन किया गया। कमीशनिंग के बाद अब तक इससे करीब 45,000 यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ है और लगभग 3.89 लाख रुपये की बिजली लागत की बचत हुई है। बुक बैंक के माध्यम से कर्मचारियों और उनके बच्चों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्य अतिथि वंदना गुप्ता ने पहलों की सराहना करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को समर्पण, नवाचार, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।