चंडीगढ़, सेक्टर-20 मार्केट में मार्केट एसोसिएशन के सहयोग से पुलिस-पब्लिक बैठक हुई। इसमें दुकानदारों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों से हर आपराधिक घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने और मार्केट में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। बैठक में डीएसपी अभिनंदन और इंस्पेक्टर सरिता राय ने कहा कि प्रत्येक घटना की रिपोर्ट दर्ज होने से बार-बार अपराध करने वालों की पहचान करने और मामलों को सुलझाने में पुलिस को मदद मिलती है। उन्होंने दुकानदारों से किसी भी घटना को नजरअंदाज न करने की अपील की।
पुलिस-व्यापारियों में बेहतर समन्वय पर जोर
भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश प्रवक्ता नरेश अरोड़ा ने कहा कि दुकानदारों की ओर से उठाई गई समस्याओं को पुलिस प्रशासन के सामने रखा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस, व्यापारियों और मार्केट एसोसिएशन के बीच बेहतर समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
बैठक में लव जैन, भाजपा वार्ड नंबर 18 के महामंत्री संदीप भाटिया, रमेश बत्रा, गिरीश अग्रवाल, राकेश कुमार गर्ग और शैली सिंह सहित मार्केट के प्रमुख लोग तथा बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे।