चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव में अध्यक्ष पद पर ABVP उम्मीदवार अंकित बिधान की जीत को राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू ने पंजाब के युवाओं में भाजपा के प्रति बढ़ते भरोसे का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी में लगातार दूसरी बार ABVP का अध्यक्ष चुना जाना महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश है।
संधू ने कहा कि जागरूक विद्यार्थियों ने अपने जनादेश से युवाओं को लेकर बनाए जा रहे भ्रमों का जवाब दिया है। आज का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ मजबूती से खड़ा है। वह रोजगार, नए अवसर और देश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी चाहता है।
‘युवा ऐसा पंजाब चाहता है, जहां अवसर मिलें’
संधू ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी पंजाब और चंडीगढ़ के युवाओं की सोच और सरोकारों का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां का जनादेश कैंपस से आगे भी संदेश देता है कि पंजाब का युवा निराशा और टकराव के बजाय प्रगति, निवेश, नवाचार, रोजगार और खुशहाली चाहता है। नई पीढ़ी ऐसा पंजाब चाहती है, जहां उसे बेहतर अवसरों के लिए अपनी जन्मभूमि छोड़ने को मजबूर न होना पड़े।
उन्होंने अंकित बिधान और ABVP की पूरी टीम को जीत की बधाई दी। साथ ही पिछले अध्यक्ष गौरव वीर सिंह सोहल और उनकी टीम के कार्यों की सराहना की। संधू ने युवा नेता गौरव अत्री को भी बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में टीम ने ऊर्जा, अनुशासन और एकजुटता से चुनाव लड़ा। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को भी जीत की बधाई दी।