चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन ) लघु उद्योग भारती, चंडीगढ़ इकाई ने चंडीगढ़ प्रशासन के उद्योग विभाग की ओर से रैम्प कार्यक्रम के तहत लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए वित्तीय सहायता संबंधी कार्यान्वयन दिशानिर्देश जारी किए जाने का स्वागत किया है। संगठन ने इसे उद्योग हितैषी पहल बताते हुए प्रशासन का आभार जताया है। लघु उद्योग भारती, चंडीगढ़ के अध्यक्ष अवी भसीन ने लघु एवं मध्यम उद्योग क्षेत्र के विकास के लिए मार्गदर्शन और सहयोग देने पर प्रशासक गुलाब चंद कटारिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उपायुक्त-सह-सचिव, उद्योग, चंडीगढ़ प्रशासन निशांत यादव और उनकी टीम को भी इस पहल के लिए धन्यवाद दिया।
चार क्षेत्रों में वित्तीय सहायता
संगठन के अनुसार, रैम्प कार्यक्रम के तहत पात्र उद्योगों को किराया, ऋण पर ब्याज, गुणवत्ता एवं दक्षता प्रमाणन तथा फिल्म/कंटेंट निर्माण के लिए वित्तीय सहायता मिलेगी। 1 अप्रैल, 2024 से पात्र खर्चों को सहायता के दायरे में शामिल करने के प्रावधान का भी संगठन ने स्वागत किया।
अवी भसीन ने कहा कि इस पहल से उद्योगों का वित्तीय बोझ कम करने के साथ उनकी गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे चंडीगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र को मजबूत करने में भी योगदान मिलेगा।
लघु उद्योग भारती ने पात्र लघु एवं मध्यम उद्योगों और औद्योगिक इकाइयों से दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर उपलब्ध वित्तीय सहायता का समय पर लाभ उठाने की अपील की। संगठन ने उद्योगों के विकास के लिए प्रशासन और उद्योग विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।