चंडीगढ़। मनीमाजरा हाउसिंग बोर्ड के नजदीक शीतला माता मंदिर के साथ चंडीगढ़ नगर निगम की खाली पड़ी जमीन की सफाई करवाकर उसे बच्चों के खेलने के लिए उपलब्ध कराने की मांग की गई है। आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ के हरप्रीत हैप्पी और अवतार सिंह ने नगर निगम आयुक्त से जमीन की सफाई और उसे सुरक्षित बनाने की अपील की है।
अपीलकर्ताओं के अनुसार जमीन लंबे समय से खाली पड़ी है और यहां झाड़ियां उगी हुई हैं तथा जगह-जगह मलबा जमा है। उनका कहना है कि इसके कारण यह स्थान असुरक्षित बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां नशा करने वाले लोग भी बैठते हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी होती है।
स्थायी परियोजना तक अस्थायी उपयोग की मांग
हरप्रीत हैप्पी और अवतार सिंह ने कहा कि मनीमाजरा घनी आबादी वाला क्षेत्र है और यहां बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त मैदान उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में खाली जमीन की सफाई कराकर उसे अस्थायी तौर पर बच्चों के खेलने और स्थानीय लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है।
उन्होंने नगर निगम से झाड़ियों और मलबे को हटाकर जमीन को सुरक्षित बनाने की मांग की। साथ ही कहा कि जब तक जमीन पर कोई स्थायी परियोजना शुरू नहीं होती, तब तक इसका उपयोग बच्चों के लिए खेल मैदान के रूप में किया जा सकता है। इससे क्षेत्र में स्वच्छता और सुंदरता में भी सुधार होगा।