चंडीगढ़। सेक्टर-20 स्थित श्री चैतन्य गौड़ीय मठ मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ वरिष्ठ भाजपा नेता संजय टंडन ने किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में सजाई गई भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की झांकियों के साथ द्रौपदी चीरहरण पर आधारित लाइट एंड साउंड शो देखा। युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के लिए तैयार की गई झांकी ने भी उनका ध्यान आकर्षित किया।
संजय टंडन ने झांकियों और लाइट एंड साउंड शो की सराहना की। मंदिर परिसर में इस बार पारंपरिक कृष्ण लीला की झांकियों के साथ कई नए आकर्षण जोड़े गए हैं।
दो महीने से चल रही थीं तैयारियां
मठ मंदिर के प्रवक्ता जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां पिछले दो महीने से चल रही थीं। श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 2 बजे से रात 10:30 बजे तक छह-छह मिनट का द्रौपदी चीरहरण लाइट एंड साउंड शो प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें महाभारत के प्रसंग को आधुनिक तकनीक के माध्यम से दिखाया गया है।
उन्होंने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए बाबा बर्फानी की गुफा भी तैयार की गई है। बर्फ की सिल्लियों से तैयार इस गुफा का तापमान करीब 16 डिग्री रखा गया है। इसमें आठ फीट ऊंची बाबा बर्फानी की प्रतिकृति स्थापित की गई है। इसके अलावा करीब 55 मूर्तियों वाली भव्य झांकी सजाई गई है। झांकियों में एआई तकनीक के माध्यम से लंका दहन का दृश्य भी प्रस्तुत किया जा रहा है।
गुप्ता ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर सेक्टर-20 में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने सुचारू दर्शन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।