चंडीगढ़ (प्रोसन बर्मन) शहर में 4 सितंबर को विशेष व्यवस्था के चलते प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से डायवर्ट और नियंत्रित रहेगी। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के अनुसार यह व्यवस्था सुबह 10:30 से 11:30 बजे और दोपहर 2:45 से 3:30 बजे तक लागू रहेगी। आम लोगों को इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
इन मार्गों पर रहेगा असर
दक्षिण मार्ग पर एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट से न्यू लेबर चौक (सेक्टर 20/21-33/34) तक यातायात नियंत्रित किया जाएगा। इसके बाद सरोवर पथ पर न्यू लेबर चौक से सेक्टर 7/8-18/19 चौक तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी।
मध्य मार्ग पर सेक्टर 7/8-18/19 चौक से सेक्टर 11/12-14/15 चौक (पीजीआई चौक) तक तथा विद्या पथ पर पीजीआई चौक से सेक्टर 24/25 लाइट प्वाइंट की ओर और वहां से सेक्टर 25 स्थित यूआईईटी कॉलेज तक वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें वाहन
पुलिस ने मेहमानों, आमंत्रितों और आधिकारिक स्टाफ से अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने की अपील की है। आम लोगों को साइकिल ट्रैक, पैदल मार्ग और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने या चलाने से बचने को कहा गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और वाहन टो किए जा सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने तथा यातायात की ताजा स्थिति के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर रियल-टाइम अपडेट देखते रहने की अपील की है। पुलिस ने प्रतिबंधों और डायवर्जन के कारण होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए लोगों से सहयोग करने को कहा है। चंडीगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए 1073 हेल्पलाइन भी उपलब्ध है।