चंडीगढ़, 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत नेत्रदान और कॉर्निया प्रत्यारोपण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए 3 सितंबर को रॉक गार्डन से सुखना झील तक नेत्रदान जागरूकता वॉक आयोजित की गई। इसमें करीब 250 से 300 लोगों ने हिस्सा लिया और लोगों को मृत्यु के बाद नेत्रदान के लिए संकल्प लेने का संदेश दिया।
वॉक में पीजीआईएमईआर के नेत्र रोग विभाग की प्रमुख प्रो. उषा सिंह, डॉ. वैशाली गुप्ता और डॉ. अमित गुप्ता समेत कॉर्निया विभाग के चिकित्सक, आई बैंक स्टाफ, ऑप्टोमेट्री स्टाफ और नर्सिंग विद्यार्थियों ने भाग लिया। नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों और लायंस क्लब चंडीगढ़ सेंट्रल के सदस्यों ने भी अभियान में सहभागिता की।
नुक्कड़ नाटक से समझाया नेत्रदान का महत्व
कार्यक्रम में पीजीआईएमईआर के पूर्व निदेशक और पद्मश्री से सम्मानित डॉ. जगत राम, पंजाब विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. अरुण ग्रोवर और एडवांस्ड आई सेंटर के पूर्व प्रोफेसर डॉ. एम.आर. डोगरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
ऑप्टोमेट्री विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नेत्रदान के महत्व को बताया और लोगों से नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की। आयोजकों ने कहा कि मृत्यु के बाद नेत्रदान का एक संकल्प कॉर्निया संबंधी अंधता से जूझ रहे लोगों के जीवन में रोशनी ला सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वैच्छिक नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कॉर्निया प्रत्यारोपण के लिए उपलब्ध नेत्रों की कमी को दूर करने में योगदान देना था।