चण्डीगढ़ : (प्रोसन बर्मन ) जय श्री रामलीला मंच द्वारा आज सेक्टर 17 में एक प्रैस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमे मंच के चेयरमैन हरमोहिन्दर सिंह लकी, सलाहकार राजीव मोदगिल और चंडीगढ़ की पूर्व डिप्टी मेयर तरुणा मेहता एवं पार्षद प्रेमलता भी उपस्थित रहे। मंच के प्रधान विकास सोनी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि मंच द्वारा विगत में सैक्टर-48 में भव्य रामलीला का आयोजन किया जाता था। किन्तु इस बार चंडीगढ़ निवासियों को सैक्टर-51 (कस्टम एवं सेंट्रल एक्साइ सोसाइटी के सामने वाले मैदान में) में रामलीला का एक नया और भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस बार की रामलीला भी चंडीगढ़ शहर के दिग्गज निर्देशक प्रदीप कुमार के मार्गदर्शन में होगी। चंडीगढ़ में रामलीला के पितामह के नाम से विख्यात प्रदीप कुमार को रामलीला में निर्देशन और अभिनय का 48 वर्ष का अनुभव है और उन्होंने स्वयं 34 वर्षों तक रामलीला में रावण का किरदार निभाया है। और अब आप उनके सुपुत्र मोहित को पितृ-पद चिन्हों का अनुगमन करते हुए रंगमंच पर लंकापति रावण की औजस्वी भूमिका में देखेंगे। मोहित को शहर में श्रेष्ठ रावण के रूप में 5 बार पुरस्कृत किया जा चुका है।
इस अवसर पर मंच के महासचिव अमित सूरी ने सेक्टर 51 में की जाने वाली रामलीला के स्वरूप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार की रामलीला परंपरागत वैदिक रामलीला के साथ-साथ आधुनिक नाट्य कला से संजोई हुई होगी। इसमें अत्याधुनिक 'लाइट एवं साउंड' और ‘एआई’ तकनीक के माध्यम से दर्शकों को प्रभु श्री राम के जीवन से जुड़े अद्भुत और मनमोहक दृश्य दिखाए जाएंगे और इसके लिए हमारे साथ रहेंगे मंथन आर्ट्स एवं थिएटर सोसाइटी से निर्देशक हीरा सिंह और उनकी टीम।
श्री रामलीला मंचन के दौरान दर्शकों के लिए भव्य पंडाल एवं बैठने की उचित व्यवस्था की जाएगी तथा पार्किंग और सुरक्षा का भी विशेष प्रबंध रहेगा।
'जय श्री रामलीला मंच' एक ऐसी संस्था है जो न केवल सनातन परंपराओं को संजोए रखे हुए है और अपनी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सनातन संस्कृति को जन-जन तक पहुंचा रही है, अपितु यह संस्था सामाजिक कार्यों में भी पूर्णतः संलग्न है।
उन्होंने बताया कि रामलीला सैक्टर-51 में 10 से 21 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है और 20 अक्टूबर को विशाल दशहरा समारोह आयोजित किया जाएगा।