चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) नेपाल में हाल ही में आई अचानक बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए चंडीगढ़ रेड क्रॉस ने राहत सामग्री भेजी है। उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी (आईआरसीएस), यूटी चंडीगढ़ शाखा निशांत कुमार यादव ने शुक्रवार को राहत सामग्री से भरे दो ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सामग्री नेपाल रेड क्रॉस सोसाइटी को भेजी गई है।
राहत सामग्री में आवश्यक दवाइयां, पैकेटबंद खाद्य सामग्री, पेयजल और सैनिटरी पैड शामिल हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त-सह-सचिव, आईआरसीएस, यूटी चंडीगढ़ शाखा अमनदीप सिंह भट्टी तथा नोडल अधिकारी पूनम मलिक भी मौजूद रहीं।
दानदाताओं के सहयोग से संभव हुई मदद
निशांत कुमार यादव ने नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि चंडीगढ़ रेड क्रॉस प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय मानवीय सहायता उपलब्ध कराने में दानदाताओं का सहयोग महत्वपूर्ण होता है।
राहत सामग्री जुटाने में सहयोग करने वाले एविएट इंटीग्रेटेड प्राइवेट लिमिटेड, गुरु नानक गीता कैलाश मेमोरियल फाउंडेशन, फोटोग्राफर्स हेल्पिंग हैंड्स और कशिश महाजन को उनकी मानवीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया।
अधिकारियों ने विभिन्न समाजसेवियों के साथ समन्वय कर राहत सामग्री जुटाने के लिए नोडल अधिकारी पूनम मलिक के प्रयासों की भी सराहना की। रेड क्रॉस ने नागरिकों और संस्थाओं से अपनी मानवीय पहलों के लिए निरंतर उदार सहयोग देने की अपील की।