चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने के आरोप में मध्य प्रदेश निवासी 33 वर्षीय विजय राठौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो देसी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना-31 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए यूटी चंडीगढ़ में अवैध हथियारों और संदिग्ध लोगों के खिलाफ चेकिंग और तलाशी अभियान तेज किया गया है। इसी दौरान 26 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर ऑपरेशन सेल की टीम ने विजय राठौर को काबू किया। वह मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा तहसील स्थित गांव बनिहार का रहने वाला है।
मध्य प्रदेश के सप्लायर के लिए हथियार पहुंचाने का दावा
जांच के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मध्य प्रदेश के एक मुख्य हथियार सप्लायर की ओर से चंडीगढ़ में अवैध हथियार पहुंचाने आया था। पुलिस के मुताबिक, मुख्य सप्लायर जरूरत के अनुसार स्थानीय गैंगस्टरों को हथियार उपलब्ध करवाता था। विजय राठौर की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय गैंगस्टर भूमिगत हो गए।
पुलिस ने बताया कि मुख्य सप्लायर के दो सहयोगी/सप्लायर मोनू उर्फ कंडू और राहुल उर्फ रैली को ऑपरेशन सेल पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इनके कब्जे से बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए गए थे। विजय राठौर की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद मुख्य सप्लायर के भी भूमिगत होने की बात पुलिस ने कही है।
चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन सेल अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई डीआईजी यूटी राजीव रंजन, एसपी ऑपरेशंस अनुराग दारू के निर्देश और डीएसपी ऑपरेशंस रणजोध सिंह तथा इंस्पेक्टर जसपाल सिंह की निगरानी में की गई।