चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ में चोरी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। सेक्टर 11 में एक मकान से 14 टोंटियां चोरी होने की शिकायत मिली, जबकि सेक्टर 47 स्थित कैनरा बैंक के एटीएम से 1,86,500 रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
सेक्टर 11 के मकान से 14 टोंटियां चोरी
पुलिस थाना सेक्टर 11 में धमींदर निवासी दशमेश नगर, नयागांव, पंजाब की शिकायत पर एफआईआर नंबर 98 दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 6 सितंबर को सेक्टर 11 स्थित मकान नंबर 674 से अज्ञात व्यक्ति 14 टोंटियां चोरी कर ले गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एटीएम से 1.86 लाख रुपये चोरी
दूसरा मामला पुलिस थाना सेक्टर 31 में दर्ज किया गया है। कैनरा बैंक के एससीओ नंबर 63, सेक्टर 47-सी, चंडीगढ़ के मैनेजर हरीश सबोत्रा की शिकायत पर एफआईआर नंबर 145 दर्ज की गई। शिकायत के अनुसार, सेक्टर 47 स्थित कैनरा बैंक के एटीएम से 1,86,500 रुपये चोरी हो गए। पुलिस ने धारा 380 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।