चंडीगढ़, ( प्रोसन बर्मन ) शहर में विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अब क्षेत्रवासी भी निगरानी में भागीदार होंगे। मेयर सौरभ जोशी ने मंगलवार को ‘एरिया-लेवल रेजिडेंट्स मॉनिटरिंग’ पहल शुरू की। इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों में नागरिक समितियां गठित की जाएंगी, जो विकास कार्यों की गुणवत्ता, लागत और प्रगति पर नजर रखेंगी।
समितियों में सेवानिवृत्त इंजीनियर, प्रोफेसर, डॉक्टर और अन्य अनुभवी नागरिकों को शामिल किया जाएगा। ये समितियां मौके पर जाकर जांचेंगी कि नगर निगम की ओर से सूचना बोर्ड पर प्रदर्शित स्वीकृत लागत, कार्यक्षेत्र और तकनीकी मानकों के अनुसार काम हो रहा है या नहीं। कमी, देरी या मानकों से विचलन मिलने पर संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
सेक्टर-15 और 24 के पार्कों से शुरुआत
पहल के तहत मेयर ने सेक्टर-15 के जॉगर्स पार्क के अपग्रेडेशन और सेक्टर-15 व सेक्टर-24 के पार्कों में फाउंटेन की मरम्मत व नवीनीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों की निगरानी के लिए क्षेत्रवासियों की समिति भी गठित की गई है।
मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि विकास कार्य जनता के पैसे से होते हैं, इसलिए लोगों को यह जानने का अधिकार है कि कितना पैसा खर्च हो रहा है और काम तय मानकों के अनुसार हो रहा है या नहीं। उन्होंने कहा, “जनता का पैसा, जनता की निगरानी।” उन्होंने कहा कि समितियां क्षेत्रवासियों और नगर निगम के बीच सेतु का काम करेंगी।
फाउंटेन के नवीनीकरण पर करीब 26.93 लाख रुपये खर्च होंगे। इसमें सेक्टर-15 के फ्लोरल स्कल्पचर गार्डन के दो और सेक्टर-24 के दो फाउंटेन शामिल हैं। काम छह माह में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके तहत लाइटिंग और वाटर सिस्टम को अपग्रेड करने के साथ सिविल रिपेयर व टाइलों की मरम्मत भी की जाएगी।
समिति की अध्यक्षता प्रो. सुनील शर्मा करेंगे। राज कुमार सहदेव और चरणजीत सह-संयोजक होंगे। समिति में रजनीश शर्मा, रमेश कुमार सूद, संजीव बंसल, पृथ्वी शर्मा (चीफ इंजीनियर), जसजीत सिंह भल्ला, गुरप्रीत सिंह मोखा, कृष्ण और इंजी. एस.के. गुप्ता सदस्य हैं।
मेयर ने कहा कि पहल को चरणबद्ध तरीके से पूरे चंडीगढ़ में लागू किया जाएगा, ताकि विकास कार्यों में लोगों की भागीदारी और जवाबदेही को मजबूत किया जा सके।