चंडीगढ़, गांव अटावा, सेक्टर-42बी में सीवरेज और पानी की समस्या के समाधान के लिए करीब 60 लाख रुपये की लागत से नई पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया गया। वार्ड नंबर 24 के अंतर्गत होने वाले इन कार्यों में 200 मिलीमीटर व्यास की नई सीवरेज पाइपलाइन के साथ पानी की नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुरू किए गए इन कार्यों से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गांव में कई स्थानों पर बार-बार सीवरेज जाम होने, सड़कों पर सीवरेज का पानी भरने और सड़क धंसने की समस्या सामने आ रही थी। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने का काम शुरू किया गया है। मौके पर मौजूद उपमंडल अधिकारी यशपाल गुप्ता ने बताया कि दोनों कार्यों पर करीब 60 लाख रुपये खर्च होंगे। काम पूरा होने के बाद सीवरेज और पानी की व्यवस्था में सुधार होगा।
नई पानी की लाइन से आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद
नरता राम शर्मा ने नारियल तोड़कर सीवरेज पाइपलाइन के काम की शुरुआत की, जबकि सुखदेव सिंह ने नई पानी की पाइपलाइन बिछाने के कार्य का उद्घाटन किया। स्थानीय निवासी संदीप सोनी ने कहा कि सीवरेज जाम होने से सड़क दबने की समस्या रहती थी। नई लाइन बिछने से जल निकासी की समस्या दूर होने की उम्मीद है।
स्थानीय निवासी सुरजीत सिंह ने बताया कि उनके घरों के साथ पानी की पाइपलाइन नहीं होने के कारण दूर से कनेक्शन लेना पड़ता था। इससे कई बार पानी की सप्लाई में गंदा पानी आने की समस्या रहती थी। नई पाइपलाइन बिछने से पानी की आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है।
वार्ड नंबर 24 के पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि वार्ड का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क, सीवरेज, पानी, स्ट्रीट लाइट और पार्क से जुड़े कार्य लगातार करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी तरह का राजनीतिक भेदभाव नहीं किया जाएगा और लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में कनिष्ठ अभियंता धीरज कुमार, कनिष्ठ अभियंता अनुराग यादव, दविंदर सिंह, युगल शर्मा, कुलजीत सिंह, हरदीप सिंह, लखा सहित सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।