चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) पीजीआईएमईआर की एनेस्थीसिया एंड इंटेंसिव केयर विभाग की प्रोफेसर और पेन क्लीनिक की कंसल्टेंट इंचार्ज प्रो. बबिता घई को इंटरनेशनल एसोसिएशन फॉर द स्टडी ऑफ पेन (आईएएसपी) की काउंसिलर चुना गया है। वह छह साल के कार्यकाल के लिए एशिया, ओशिनिया और ऑस्ट्रेलिया क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह चुनाव प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के बाद हुआ।
दर्द चिकित्सा के क्षेत्र में काम करने वाली आईएएसपी के दुनियाभर में करीब 10,000 सदस्य हैं। प्रो. घई आईएएसपी काउंसिल के लिए चुनी जाने वाली दूसरी भारतीय महिला और सबसे कम उम्र की भारतीय हैं।
प्रो. घई वर्ष 2004 से आईएएसपी से जुड़ी हैं। इस दौरान उन्होंने ग्लोबल एडवोकेसी वर्किंग ग्रुप, प्रेसिडेंशियल टास्क फोर्स ऑन इंटरडिसिप्लिनरी पेन ट्रीटमेंट, डेवलपिंग कंट्रीज/एलएमआईसी वर्किंग ग्रुप, पेन एजुकेशन एसआईजी, एक्यूट पेन एसआईजी और पेन रिसर्च फोरम सहित कई समितियों और समूहों में नेतृत्व की जिम्मेदारियां निभाईं।
दर्द चिकित्सा में 27 साल का अनुभव
एमडी के बाद 27 वर्षों के अनुभव वाली प्रो. घई पीजीआईएमईआर में पेन मेडिसिन फेलोशिप की कोर्स कोऑर्डिनेटर हैं। उन्होंने वर्ष 2012 में ब्रिटेन की बार्ट्स एंड द लंदन एनएचएस ट्रस्ट और क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन में पेन मैनेजमेंट में कॉमनवेल्थ एकेडमिक स्टाफ फेलोशिप पूरी की।
प्रो. घई के करीब 150 शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने कई वित्त पोषित शोध परियोजनाओं का नेतृत्व किया है और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 250 से अधिक आमंत्रित व्याख्यान दिए हैं। वह करीब 20 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, जिनमें वर्ल्ड कांग्रेस ऑन पेन भी शामिल हैं, में आमंत्रित फैकल्टी रह चुकी हैं।
उनके काम का एक महत्वपूर्ण पक्ष जरूरतमंद और दूरदराज के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा है। उन्होंने ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में कई निशुल्क स्वास्थ्य एवं दर्द राहत शिविर आयोजित किए। इनमें मरीजों को परामर्श, स्वास्थ्य जांच, दर्द प्रबंधन और दवाएं उपलब्ध कराई गईं। जरूरत के अनुसार सामुदायिक योग कार्यक्रम और विशेषज्ञ उपचार के लिए रेफरल की व्यवस्था भी की गई।
हिंदी में स्वास्थ्य जागरूकता के लिए राष्ट्रीय सम्मान
प्रो. घई ने लंबे समय से कमर दर्द से जूझ रहे मरीजों के लिए साक्ष्य आधारित योग प्रोटोकॉल विकसित किया है। उन्होंने कमर की देखभाल पर हिंदी, पंजाबी और अंग्रेजी में चित्रों सहित पुस्तिका तैयार की, जिसे निशुल्क वितरित किया गया। हिंदी के माध्यम से स्वास्थ्य शिक्षा में योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय हिंदी पुरस्कार भी मिला है।
उन्होंने सामुदायिक संगठनों, एफएम रेडियो और अन्य सार्वजनिक मंचों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भी किए हैं। उन्हें ‘एक्सेसिबिलिटी’ विषय पर टेडएक्स में वक्ता के रूप में भी आमंत्रित किया गया था।
वर्तमान में वह डीएसटी किरण परियोजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर कमर के पुराने दर्द से पीड़ित मरीजों को योग सिखा रही हैं। आईसीएमआर से वित्त पोषित उनके सामुदायिक शोध के तहत कमर के पुराने दर्द को लेकर दो बड़े सामुदायिक अध्ययन किए गए हैं। इनमें बीमारी की व्यापकता, इससे होने वाली अक्षमता तथा मनोसामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन किया गया।
प्रो. घई को 16 राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। इनमें इंडियन सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ पेन का प्रेसिडेंट्स एप्रिसिएशन अवार्ड भी शामिल है। इसके अलावा उन्हें चार अंतरराष्ट्रीय पेशेवर पुरस्कार भी मिले हैं।
आईएएसपी काउंसिल में उनका चुनाव दर्द चिकित्सा, शिक्षा, शोध और स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके योगदान के साथ पीजीआईएमईआर की अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी मजबूत करने वाला माना जा रहा है। उनके कार्यों के जरिए विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं और जरूरतमंद समुदायों तक सुलभ एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में प्रयास जारी हैं।