चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को चंडीगढ़ में भाजपा की ओर से ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान चलाया जाएगा। पार्टी ने शहरवासियों से शाम के समय अपने घरों में दीया जलाकर अभियान में शामिल होने की अपील की है। अभियान की थीम ‘जिसने जीवन सँवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’ रखी गई है।
भाजपा के अनुसार केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं के लाभार्थी इस अभियान में हिस्सा लेंगे। घरों में जलाए जाने वाले दीयों को प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता, स्नेह और आशीर्वाद का प्रतीक बताया गया है।
आवास से लेकर स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का जिक्र
भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि अभियान के माध्यम से नागरिक केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से आवास, स्वास्थ्य, वित्तीय समावेशन, स्वच्छता, स्वच्छ ऊर्जा, पेयजल, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में काम हुआ है।
मल्होत्रा ने शहर के प्रत्येक परिवार से 17 सितंबर को अपने घर में दीया जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर में जलने वाला दीया प्रधानमंत्री के प्रति नागरिकों के आशीर्वाद और कृतज्ञता का प्रतीक होगा। भाजपा चंडीगढ़ इकाई ने शहरभर के लाभार्थियों और नागरिकों से अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह किया है।