चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय ने मंगलवार को गांव कैंबवाला में अनधिकृत निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर करीब 118 कनाल (लगभग 15 एकड़) भूमि से अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट यूटी चंडीगढ़ निशांत कुमार यादव के निर्देश पर की गई।
अभियान सुबह नौ बजे शुरू हुआ और एसडीएम (सेंट्रल) की निगरानी में चला। राजस्व एवं प्रवर्तन विभाग, चंडीगढ़ पुलिस और नागरिक सुरक्षा के कर्मचारियों ने कार्रवाई में भाग लिया। इस दौरान मुख्य रूप से फार्महाउसों से सटे खुले क्षेत्रों में बनाई गई चारदीवारियों और अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया। अनधिकृत निर्माण ढहाने के लिए तीन जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई
तहसीलदार, नायब तहसीलदार (पेरिफेरी), कानूनगो, पटवारी और प्रवर्तन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर कार्रवाई की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारी की निगरानी में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। इसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। नागरिक सुरक्षा के कर्मचारियों ने भी प्रशासनिक टीम को सहयोग दिया।
जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के अनुसार, पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। कार्यालय ने सुखना कैचमेंट एरिया को अनधिकृत निर्माण और अतिक्रमण से सुरक्षित रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।