चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के उन्नयन कार्य के चलते 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक विभिन्न रेल लाइनों पर कुल 36 दिन का पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान 12 ट्रेनों के 442 ट्रिप्स रद्द किए जाएंगे। छह ट्रेनों के 54 ट्रिप्स को निर्धारित अवधि में अम्बाला कैंट से शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा, जबकि दो ट्रेनों के चार ट्रिप्स का मार्ग बदला जाएगा।
रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) की ओर से स्टेशन पर मौजूदा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के शेष गर्डरों की लॉन्चिंग और पुराने एफओबी के गर्डरों को हटाने का काम किया जाना है। इसके लिए ब्लॉक तीन चरणों में लिया जाएगा।
तीन चरणों में होगा काम
पहला चरण 10 से 21 सितंबर तक 12 दिन चलेगा। इस दौरान लाइन नंबर 6 (प्लेटफॉर्म-5), लाइन नंबर 7 (नॉन-प्लेटफॉर्म) और लाइन नंबर 8 (प्लेटफॉर्म-6) पर पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा।
दूसरे चरण में 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लाइन नंबर 4 (प्लेटफॉर्म-3) और लाइन नंबर 5 (प्लेटफॉर्म-4) पर 12 दिन ब्लॉक रहेगा। तीसरे चरण में 4 से 15 अक्टूबर तक लाइन नंबर 1 (प्लेटफॉर्म-2), लाइन नंबर 2 (नॉन-प्लेटफॉर्म) और लाइन नंबर 3 (प्लेटफॉर्म-2) पर ब्लॉक लिया जाएगा।
अम्बाला कैंट से चलेंगी कुछ ट्रेनें
ब्लॉक के चलते ट्रेन संख्या 15063/15068, 12983/12984 और 20989/20990 की कुछ निर्धारित सेवाओं को चंडीगढ़ के बजाय अम्बाला कैंट से शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा। ट्रेन संख्या 20989 अम्बाला कैंट पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी और वापसी में प्लेटफॉर्म नंबर 2 से चलेगी।
ट्रेन संख्या 14615/14616 (लालकुआं-अमृतसर-लालकुआं) की निर्धारित सेवाओं का मार्ग भी बदला जाएगा। ये ट्रेनें चंडीगढ़ के बजाय अम्बाला-सहरिंद-सानेहवाल मार्ग से संचालित होंगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ ट्रेनों को साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर अस्थायी अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा। इनमें ट्रेन संख्या 18309/18101, 18310/18102, 11905/11906, 15531/15532 और 14631/14632 समेत अन्य निर्धारित ट्रेनें शामिल हैं।
ब्लॉक के अलग-अलग चरणों में चंडीगढ़ स्टेशन पर ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में भी अस्थायी बदलाव होगा। पहले चरण में 20, दूसरे में 17 और तीसरे चरण में 39 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म/बर्थिंग में बदलाव किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन, समय, ठहराव और प्लेटफॉर्म की जानकारी अधिकृत यात्री सूचना, स्टेशन अनाउंसमेंट, एनटीईएस या रेल मदद 139 से जांचने की अपील की है।