चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) मेयर सौरभ जोशी ने बुधवार को युवाओं से शहर के विकास और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सीधा संवाद किया। मीशन फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘युवा संवाद—मेयर से सीधी बात’ में युवाओं ने शहर की समस्याओं पर सवाल पूछे और बेहतर चंडीगढ़ के लिए अपने सुझाव साझा किए। मेयर ने युवाओं से समस्याएं उठाने के साथ उनके समाधान में भी भागीदार बनने की अपील की।
जीरो-वेस्ट के लिए घर से शुरुआत पर जोर
मेयर ने स्वच्छता, जीरो-वेस्ट चंडीगढ़, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, सार्वजनिक परिवहन और नागरिक भागीदारी पर युवाओं से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कचरा केवल फेंकने की चीज नहीं है, बल्कि सही प्रबंधन से इसका उपयोग संसाधन के रूप में किया जा सकता है। युवाओं से घर से ही कचरे को अलग करने और कम करें-पुन: उपयोग करें-पुनर्चक्रण को अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जीरो-वेस्ट चंडीगढ़ का लक्ष्य केवल नगर निगम के प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता। हर घर और युवा की भागीदारी से ही यह अभियान जन-आंदोलन बन सकता है।
जन्मदिन पर पौधा लगाने की अपील
मेयर ने युवाओं को ‘हरित जन्मदिन चुनौती’ देते हुए हर जन्मदिन पर एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की अपील भी की।
युवाओं को जनभागीदारी का मंत्र देते हुए उन्होंने कहा—पूछें • साझा करें • सुझाव दें • अमल करें। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज, विचार और भागीदारी ही बेहतर चंडीगढ़ की ताकत हैं। कार्यक्रम के आयोजकों डॉ. प्रभजोत, सौरव मलिक, आरजे मानव और हिमांशी सहित पूरी टीम की भी उन्होंने सराहना की।