चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ में बुधवार को पोषण शपथ और जागरूकता रैली के साथ 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ हुआ। एक माह तक चलने वाले अभियान में संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता और कुपोषण की रोकथाम के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर अभियान का शुभारंभ केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने वाराणसी से किया। इसका सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से किया गया, जिसे चंडीगढ़ की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने देखा।
आंगनवाड़ी केंद्रों और घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता
अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों और गृह भ्रमण के दौरान जागरूकता एवं परामर्श गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें स्वस्थ खान-पान, तेल और चीनी का कम सेवन, पूरक आहार, टीकाकरण, एनीमिया की रोकथाम तथा ओआरएस घोल तैयार करने और उसके इस्तेमाल की जानकारी दी जा रही है। गंभीर तीव्र कुपोषण (एसएएम) से प्रभावित बच्चों के माता-पिता और देखभाल करने वालों को भी उचित पोषण व देखभाल के बारे में परामर्श दिया जा रहा है।
सेक्टर-30 में पोषण शपथ के साथ समुदाय आधारित अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां एनीमिया, टीकाकरण, पूरक आहार और पोषण संबंधी विषयों पर जागरूकता सत्र भी हुए। रामदरबार में रवि दर्पण कला मंच ने पोषण और कुपोषण पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
8 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से आयोजित अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ महिलाओं, बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। औषधीय पौधों और समुदाय आधारित कार्यक्रमों समेत पोषण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी होंगी। अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा।