चंडीगढ़। चंडीगढ़ के मनीमाजरा में 11 सितंबर को पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया का जनता दरबार वार्ड नंबर 5 की कम्युनिटी सेंटर में आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान प्रशासक स्थानीय लोगों की समस्याएं सीधे सुनेंगे। जनता दरबार में चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
प्रशासक के दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से मनीमाजरा की कई समस्याएं प्रशासन के सामने उठाई जा रही हैं, लेकिन उनका स्थायी समाधान नहीं हो पाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले करीब चार वर्षों से कई सड़कें खराब हालत में हैं और स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। इसके अलावा क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और चोरी की घटनाओं को लेकर भी लोगों में चिंता है।
आम आदमी पार्टी के नेता हरप्रीत हैप्पी ने प्रशासक के मनीमाजरा में लगने वाले 11 सितंबर को जनता दरबार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि प्रशासक खुद मनीमाजरा पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रशासक के जनता दरबार की तैयारियों के बीच प्रशासन ने क्षेत्र की टूटी सड़कों की मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया है।
हरप्रीत हैप्पी ने कहा कि स्थानीय लोग पिछले कई वर्षों से अधिकारियों से खराब सड़कों को ठीक करवाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि हर बार अधिकारियों की ओर से काम के लिए संसाधनों की कमी का हवाला दिया जाता था। अब प्रशासक के दौरे से पहले सड़क निर्माण का काम शुरू होना लोगों के लिए राहत की बात है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासक महीने में एक बार भी मनीमाजरा का दौरा करें तो क्षेत्र की स्थिति में काफी सुधार हो सकता है।