चंडीगढ़, पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) चंडीगढ़ में बुधवार को एक सप्ताह के सार्वजनिक स्वास्थ्य नीति एवं प्रबंधन कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसमें 27 देशों के 50 वरिष्ठ नर्सिंग विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम पीजीआईएमईआर के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग और स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ की ओर से अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधन विकास कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसे भारत सरकार के विदेश मंत्रालय का भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) कार्यक्रम के तहत सहयोग मिल रहा है।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर पीजीआईएमईआर के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग एवं स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के प्रोफेसर और अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधन विकास कार्यक्रम के निदेशक प्रो. सोनू गोयल ने विदेशी प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में नर्सिंग विशेषज्ञों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र की उभरती वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए नेतृत्व क्षमता, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जरूरत पर जोर दिया।
27 देशों से पहुंचे प्रतिनिधि
कार्यक्रम में सेशेल्स, कंबोडिया, नाइजीरिया, इंडोनेशिया, घाना, तंजानिया, इराक, ट्यूनीशिया, लेबनान, आर्मेनिया, अर्जेंटीना, टोगो, रूस, मलावी, जाम्बिया, सिएरा लियोन, गैबॉन, नेपाल, केन्या, नामीबिया, ताजिकिस्तान, लाइबेरिया, मिस्र, लाओस, उज्बेकिस्तान, बुर्किना फासो और कैमरून के वरिष्ठ नर्सिंग विशेषज्ञ शामिल हैं।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कृतिका उपाध्याय ने कहा कि यह कार्यक्रम क्षमता निर्माण और ज्ञान के आदान-प्रदान के माध्यम से वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना के तहत भारत विकासशील देशों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र की सफल और प्रमाण आधारित व्यवस्थाओं को साझा कर रहा है।
पीजीआईएमईआर की सुविधाओं का करेंगे अध्ययन
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिनिधियों के लिए व्याख्यान, मामलों पर चर्चा, समूह गतिविधियां, सिमुलेशन अभ्यास और क्षेत्र भ्रमण आयोजित किए जाएंगे। प्रतिनिधि पीजीआईएमईआर की ग्रीन हॉस्पिटल पहल, टेलीमेडिसिन एवं टेली-एविडेंस सेंटर, क्षेत्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (रोटो) सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का दौरा करेंगे। स्मार्ट सिटी की अवधारणा को समझने के लिए एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) का भ्रमण भी प्रस्तावित है।
97 देशों के 1,800 से अधिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों को प्रशिक्षण
पीजीआईएमईआर के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधन विकास कार्यक्रम भारत में किसी चिकित्सा संस्थान की ओर से आईटीईसी साझेदार देशों के स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए संचालित एकमात्र अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व एवं प्रबंधन कार्यक्रम है। इसकी शुरुआत से अब तक 97 देशों के 1,800 से अधिक स्वास्थ्य पेशेवरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। कार्यक्रम को दक्षिण-दक्षिण सहयोग और वैश्विक स्वास्थ्य कूटनीति के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित किया गया है।