चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) पंजाब और चंडीगढ़ में औद्योगिक रूप से तैयार ट्रांस फैट को खाद्य आपूर्ति से हटाने और स्वस्थ तेल व वसा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए पीजीआईएमईआर में विशेषज्ञों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने मंथन किया। एडवांस्ड आई सेंटर में 8 सितंबर को आयोजित कार्यशाला में ट्रांस फैट की जांच, निगरानी, नियमों के पालन और खाद्य प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले तेल के प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला ट्रांसफॉर्म परियोजना और हेल्दी ऑयल शिफ्ट कंसोर्टियम के तहत आयोजित की गई। इसका उद्देश्य पंजाब और चंडीगढ़ में ट्रांस फैट को कम करने के प्रयासों को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करना और इसके लिए स्थानीय स्तर पर आंकड़े जुटाना है।
नमूनों की जांच और निगरानी बढ़ाने पर जोर
पीजीआईएमईआर के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग एवं स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के प्रो. जेएस ठाकुर ने औद्योगिक रूप से तैयार ट्रांस फैट को हृदय रोगों से जोड़ते हुए इसे खाद्य पदार्थों से हटाने की जरूरत बताई। परियोजना समन्वयक गुरदीप सिंह ने पंजाब और चंडीगढ़ के लिए परियोजना की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
कर्नाटक के अनुभव साझा करते हुए विजन फॉर सोशल डेवलपमेंट और इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिसी रिसर्च के विशेषज्ञों ने बताया कि वहां इस्तेमाल किए गए 45.8 लाख लीटर खाना पकाने के तेल को एकत्र किया गया और खाद्य क्षेत्र के 52 हजार से अधिक लोगों को प्रशिक्षण दिया गया। वर्ष 2025-26 में 34,684 नमूने लिए गए, जिनमें से 27,015 की जांच हुई और 1,726 नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।
पंजाब खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला की वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी रवनीत कौर सिद्धू ने पंजाब और चंडीगढ़ में ट्रांस फैट की जांच की स्थिति बताई। उन्होंने प्रयोगशाला क्षमता बढ़ाने, फैटी एसिड प्रोफाइलिंग और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत बताई।
खाद्य तेलों और वनस्पति की जांच पर चर्चा
कार्यशाला में दो समूह चर्चाएं हुईं। पहली में पंजाब और चंडीगढ़ में नमूने जुटाने, घरेलू खान-पान, संस्थागत स्तर पर भोजन की व्यवस्था और खाना पकाने के तेल के दोबारा इस्तेमाल व निपटान से जुड़े आंकड़े जुटाने पर चर्चा हुई। दूसरी चर्चा में वनस्पति, बेकरी फैट, तलने वाले तेल, घी और मक्खन में ट्रांस और संतृप्त वसा की जांच की रणनीति पर विचार हुआ।
विशेषज्ञों ने नमूनों के स्रोत की पहचान, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के लाइसेंस का सत्यापन, नमूने लेने की एक समान प्रक्रिया और तीसरे पक्ष की प्रयोगशालाओं में गुणवत्ता नियंत्रण पर भी जोर दिया।
हृदय रोगों से ट्रांस फैट का संबंध बताया
उद्घाटन सत्र में पीजीआईएमईआर के डीन रिसर्च प्रो. संजीव हांडा ने मेटाबॉलिक सिंड्रोम, औद्योगिक ट्रांस फैट और विश्व स्वास्थ्य संगठन के आहार संबंधी दिशानिर्देशों के पालन पर चर्चा की। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रधान सचिव कुमार राहुल ने उच्च रक्तचाप और मधुमेह को बढ़ती वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती बताते हुए खराब जीवनशैली और अस्वास्थ्यकर खान-पान को गैर-संचारी रोगों के बढ़ते बोझ का प्रमुख कारण बताया।
पैनल चर्चा में पीजीआईएमईआर के हृदय रोग विभाग के प्रो. श्रीनिवास रेड्डी ने ट्रांस फैट के हृदय रोगों पर प्रभाव की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने तेल के नमूनों को गर्मी, रोशनी और हवा से बचाकर सीलबंद एंबर रंग की बोतलों में रखने, मिश्रित तेलों के इस्तेमाल, मानकीकृत जांच और इस्तेमाल किए गए तेल की दोबारा बिक्री रोकने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की। इस्तेमाल किए गए तेल के संग्रह के लिए आरयूसीओ पहल और तेल एकत्र करने वाली एजेंसियों व नियामक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।
ट्रांस फैट पर शोध को नीति से जोड़ने पर जोर
कार्यशाला के साथ हेल्दी ऑयल शिफ्ट-ट्रांसलेट के तीसरे चरण की पूर्व-परामर्श बैठक भी हुई। प्रो. जेएस ठाकुर ने बैठक के उद्देश्यों की जानकारी दी। डॉ. पुनम नेहरा ने प्रस्तावित गतिविधियों का कैलेंडर प्रस्तुत किया। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में कार्यक्रम के अनुभव, चुनौतियों और नीतिगत पहलुओं पर भी चर्चा हुई।
बैठक में ताड़ के तेल से स्वास्थ्यवर्धक तेल विकल्प विकसित करने, ट्रांस फैट की जांच के लिए छोटे स्तर पर नमूने जुटाने और पंजाब-चंडीगढ़ में आंशिक रूप से हाइड्रोजनीकृत तेलों के आधारभूत आकलन में वैज्ञानिक सहयोग जैसे मुद्दे उठाए गए। तेलबीज उत्पादन बढ़ाने की रणनीति में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थानों को शामिल करने का सुझाव भी दिया गया।