चंडीगढ़, जिला बार एसोसिएशन, चंडीगढ़ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमरजीत सिंह (एएस) गुजराल और उपाध्यक्ष अभय जोशी ने शनिवार को अपने समर्थक अधिवक्ताओं के साथ सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी कांग्रेस भवन में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की से मुलाकात की। लक्की ने दोनों पदाधिकारियों को जीत की बधाई दी और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एनके नंदा, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं अधिवक्ता नंदिता हुड्डा और पूर्व उपाध्यक्ष संदीप गुर्जर सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता और अधिवक्ता मौजूद रहे।
निगम चुनाव में असर दिखने का दावा
एचएस लक्की ने कहा कि बार चुनाव में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े अधिवक्ताओं की जीत से जागरूक, शिक्षित और पेशेवर वर्ग का कांग्रेस के प्रति बढ़ता विश्वास दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि वकील लोकतंत्र, संविधान और जनहित के मुद्दों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले नगर निगम चुनाव में भी इसका असर देखने को मिलेगा।
लक्की ने कहा कि एएस गुजराल लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हैं और बार एसोसिएशन में पूर्व उपाध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अभय जोशी भी युवा अधिवक्ता के रूप में पहचान बना चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों वकीलों के कल्याण, पेशेवर हितों तथा वादकारियों की सुविधाओं और अधिकारों के लिए काम करेंगे।
लक्की ने कहा कि वह जल्द सांसद मनीष तिवारी से जिला बार एसोसिएशन के लिए सांसद निधि से किसी उपयोगी विकास कार्य में योगदान का आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अधिवक्ताओं, युवाओं और अन्य वर्गों के अधिकारों के मुद्दे लगातार उठाती रही है।