चंडीगढ़, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में आपदा तैयारियों एवं प्रतिक्रिया तंत्र को सुदृढ़ बनाने के संबंध में आज उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), चंडीगढ़ निशांत कुमार यादव की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के कर्नल संजीव साही ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और गृह मंत्रालय (एमएचए) के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया, जिनमें मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत, एचसीएस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारी तथा उप-पुलिस अधीक्षक सीता देवी सहित चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारी शामिल थे।
बैठक में लू, शहरी बाढ़ एवं जलभराव, भूकंप तथा अग्नि संबंधी आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। चर्चा के दौरान पुराने एवं संवेदनशील भवनों का आकलन करने, अग्निशमन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमताओं को मजबूत बनाने, अंतर-विभागीय समन्वय में सुधार लाने तथा आपदा निगरानी प्रणालियों को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक का प्रमुख विषय चंडीगढ़ के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) का गठन रहा। एनडीएमए के प्रतिनिधि ने आपदा प्रबंधन (संशोधन) अधिनियम, 2025 के दृष्टिगत इसके गठन की प्रक्रिया में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में आपातकालीन संचालन केंद्र (ईओसी/एसईओसी) के आधुनिकीकरण, इसे एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) के साथ जोड़ने तथा जीआईएस आधारित आपदा जोखिम मानचित्रण एवं निगरानी प्रणाली अपनाने पर भी चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा, “चंडीगढ़ एक सुदृढ़, प्रौद्योगिकी-सक्षम और समन्वित आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। एसडीआरएफ के गठन को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही, किसी भी आपदा की स्थिति में समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता, आधारभूत ढांचे की तैयारी तथा अंतर-विभागीय समन्वय को और मजबूत किया जाएगा।”