चंडीगढ़, यू.टी. चंडीगढ़ में आज भारत टैक्सी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सहकारिता विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा एक समारोह आयोजित किया गया। गुलाब चंद कटारिया, प्रशासक, यू.टी. चंडीगढ़ ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाई। मुरलीधर मोहोल, केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री तथा कृष्ण पाल गुर्जर, माननीय केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री भी समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर एच. राजेश प्रसाद, आईएएस, मुख्य सचिव, यू.टी. चंडीगढ़; मंदीप सिंह बराड़, आईएएस, गृह सचिव; दीपरवा लाकड़ा, आईएएस, वित्त सचिव; रमन कुमार, आईएएस, संयुक्त सचिव, सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार; जयेन मेहता, अध्यक्ष, भारत टैक्सी; तथा एल. मोहम्मद मंसूर, आईएएस, सचिव सहकारिता भी उपस्थित थे। समारोह में चंडीगढ़ प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, भारत टैक्सी के प्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र के सदस्यों, चालक-सदस्यों तथा अन्य आमंत्रित अतिथियों ने भी भाग लिया।
चंडीगढ़ में भारत टैक्सी की शुरुआत तकनीक-आधारित परिवहन क्षेत्र में सहकारी मॉडल के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल चालक-सदस्यों की भागीदारी और स्वामित्व को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें प्लेटफॉर्म के केंद्र में रखती है तथा सहकारिता के सिद्धांतों को डिजिटल तकनीक से जोड़ती है।
कार्यक्रम के दौरान गणमान्य व्यक्तियों को भारत टैक्सी पहल और उसके सहकारी मॉडल के बारे में जानकारी दी गई। इसकी प्रमुख विशेषताओं पर आधारित एक ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति भी दिखाई गई। चालक-सदस्यों की सदस्य और हितधारक के रूप में भागीदारी को दर्शाते हुए पांच चालक-सदस्यों को शेयर प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि ने भारत टैक्सी का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया और इसके बाद भारत टैक्सी के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही यू.टी. चंडीगढ़ में इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
सभा को संबोधित करते हुए गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि यह पहल चंडीगढ़ की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा श्रम के सम्मान, सहकारी स्वामित्व, तकनीकी आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास को बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि इससे चालक केवल सेवा प्रदाता नहीं रहेंगे, बल्कि प्लेटफॉर्म के सदस्य और हितधारक के रूप में भी भागीदारी कर सकेंगे।
चंडीगढ़ के आधुनिक और प्रगतिशील स्वरूप का उल्लेख करते हुए प्रशासक ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत टैक्सी शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की पूरक बनने के साथ नागरिकों को सुरक्षित, किफायती और विश्वसनीय आवागमन का विकल्प प्रदान करेगी। उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग और समन्वय का आश्वासन दिया। उन्होंने भारत टैक्सी से पारदर्शी संचालन, डेटा सुरक्षा, उचित किराया व्यवस्था, प्रभावी शिकायत निवारण तथा इलेक्ट्रिक एवं पर्यावरण-अनुकूल वाहनों को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि भारत टैक्सी सहकारी मॉडल पर आधारित है और यह टैक्सी चालकों को प्लेटफॉर्म में सक्रिय भागीदार बनाएगी। सदस्य और हितधारक होने के कारण चालकों को इसके लाभ में भी हिस्सा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल चालकों की आय बढ़ाने, उनकी सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने तथा प्लेटफॉर्म का लाभ स्वयं चालकों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने में सहायक होगी।
मुरलीधर मोहोल ने कहा कि देशभर में अब तक लगभग 10 लाख चालक भारत टैक्सी के साथ पंजीकरण करवा चुके हैं, जिनमें चंडीगढ़ के एक लाख से अधिक चालक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में सेवा की शुरुआत इसके विस्तार का एक और महत्वपूर्ण चरण है। भारत टैक्सी द्वारा आने वाले महीनों में पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और जालंधर सहित अन्य शहरों में भी अपनी सेवाओं का विस्तार करने की योजना है।
सहकारिता विभाग, यू.टी. चंडीगढ़ ने संबंधित विभागों और भारत टैक्सी के प्रतिनिधियों के सहयोग से कार्यक्रम का समन्वय किया। इस पहल से सहकारी मॉडल को परिवहन क्षेत्र तक विस्तारित करने तथा तकनीक-आधारित प्लेटफॉर्म के माध्यम से सदस्यों की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करके सहकारिता आंदोलन को और गति मिलने की उम्मीद है।