चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार को मौलीजागरां के सामुदायिक केंद्र में ‘नशामुक्त भारत’ अभियान के तहत जागरूकता बैठक की। आईजी पुष्पेंद्र कुमार, एसएसपी कंवरदीप कौर और अन्य पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। बैठक में पार्षद मनोज सोनकर, पार्षद विमला देवी और क्षेत्र के निवासी मौजूद रहे।
नशा तस्करी की सूचना पुलिस को देने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे का असर व्यक्ति के साथ उसके परिवार और समाज पर भी पड़ता है। लोगों से नशा तस्करी और नशीले पदार्थों की बिक्री में शामिल लोगों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई, ताकि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को ऐसी गतिविधियों से दूर रहने और अच्छा आचरण बनाए रखने की हिदायत भी दी। भविष्य में नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक का उद्देश्य क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए लोगों की भागीदारी बढ़ाना और उनमें सुरक्षा की भावना मजबूत करना था। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के निर्देशों पर आयोजित इस अभियान की निगरानी एसएसपी कंवरदीप कौर कर रही हैं।