चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) बुड़ैल के वार्ड नंबर-33 में आम आदमी पार्टी की बैठक में आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में नए मतदाताओं के वोट बनवाने, संगठन को मजबूत करने और वार्ड के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने की रणनीति बनाई गई। आप नेता एवं अल्पसंख्यक विंग के प्रदेश अध्यक्ष शादाब राठी ने कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और उन्हें उठाने का आह्वान किया।
राठी ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता के साथ लगातार संवाद स्थापित करना और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वार्ड के हर मोहल्ले और परिवार तक पहुंच बनाने तथा विकास, जनसुविधाओं और जवाबदेही से जुड़े मुद्दों पर लोगों से चर्चा करने को कहा।
नए मतदाताओं को जोड़ने पर जोर
बैठक में कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और नए मतदाताओं के वोट बनवाने के लिए जागरूक करने की अपील की गई। कार्यकर्ताओं ने ‘भाजपा मुक्त बुड़ैल, भाजपा मुक्त चंडीगढ़’ का नारा भी दिया।