चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) नशा मुक्त भारत, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस के प्रति जागरूकता जगाने के उद्देश्य से रविवार को शहर में एक विशाल 'साइक्लोथॉन' का आयोजन किया गया। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस और रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में 400 से अधिक साइकिल चालकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
जुम्बा से शुरुआत, प्लाजा में समापन
सुबह सुखना लेक पर जुम्बा और डांस आधारित वार्म-अप सत्र के बाद साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाई गई। साइकिल चालकों का यह विशाल जत्था रॉक गार्डन, ओल्ड बैरिकेड चौक और मटका चौक से होते हुए सेक्टर-17 प्लाजा पहुंचा, जहां रैली का विधिवत समापन हुआ। यह पूरी गतिविधि रोटरी क्लब चंडीगढ़ होराइजन और रोटरी क्लब खरड़ हेरिटेज की मेजबानी में संपन्न हुई।
नए ट्रैफिक नियमों और 'गुड समैरिटन लॉ' की दी जानकारी
सेक्टर-17 प्लाजा में समापन समारोह के दौरान चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया। डीएसपी (यातायात) डॉ. प्रवेश शर्मा और उनकी टीम ने आम जनता व प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा, आपातकालीन मदद, 'गुड समैरिटन लॉ' (नेक मददगार कानून) और मोटर वाहन अधिनियम (2019 के संशोधनों सहित) के प्रमुख प्रावधानों की बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में सभी को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने और चंडीगढ़ को 'जीरो-एक्सीडेंट डेथ सिटी' बनाने की शपथ दिलाई गई।
समाजसेवियों का हुआ सम्मान
यह आयोजन डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, आईजीपी पुष्पेंद्र कुमार और एसएसपी (यातायात) सुमेर प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम में रोटरी की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रीता कालरा बतौर मुख्य अतिथि और आईएएस ललित जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर समाज सेवा और सामुदायिक कल्याण में उत्कृष्ट योगदान के लिए मोहित मलिक, रूपेश बाली, एस.एस. ढींडसा और युवा पर्वतारोही आर्यन सहित कई सहयोगियों को "चैंपियंस ऑफ ह्यूमैनिटी एंड सर्विस" सम्मान से नवाजा गया। प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने के लिए उन्हें ट्रॉफी और प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।