चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) अम्बाला मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल के वाणिज्य विभाग की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट ने परिचालन विभाग और स्वराज ट्रैक्टर्स, मोहाली (महिंद्रा लॉजिस्टिक्स लिमिटेड) के सहयोग से 18 सितंबर को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से ट्रैक्टरों के तीन रैक लोड किए। मंडल में पहली बार एक ही दिन में ट्रैक्टरों के तीन रैक लोड किए गए। इनके 81 वैगनों के जरिये देश के विभिन्न हिस्सों में ट्रैक्टर भेजे गए। इससे रेलवे को 48.49 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
तमिलनाडु, बिहार और गुजरात भेजे ट्रैक्टर
रैकवार विवरण के अनुसार, 24 एनएमजी वैगनों में ट्रैक्टर राशिपुरम (तमिलनाडु) भेजे गए, जिससे 22.04 लाख रुपये की आय हुई। 32 डीबीकेएम वैगनों में फतुहा (बिहार) के लिए ट्रैक्टर रवाना किए गए, जिनसे 15 लाख रुपये का राजस्व मिला। वहीं, 25 एनएमजी वैगनों में कंकरिया (गुजरात) के लिए ट्रैक्टर भेजे गए। इससे रेलवे को 11.45 लाख रुपये की आय हुई।
मंडल का वाणिज्य विभाग माल ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप रेल परिवहन को सुविधाजनक बनाने और नए माल यातायात को रेलवे की ओर आकर्षित करने के लिए प्रयासरत है। रेलवे के अनुसार, इस उपलब्धि से मंडल की माल ढुलाई क्षमता को बल मिलेगा।