चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के समापन के बाद 01-चंडीगढ़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची मंगलवार को औपचारिक रूप से प्रकाशित कर दी गई। नई सूची के अनुसार शहर में अब कुल 4,60,209 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 2,34,516 पुरुष, 2,25,671 महिला और 22 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। प्रारूप सूची की तुलना में अंतिम सूची में 9,927 मतदाताओं (2.20 प्रतिशत) की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है।
यूटी की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (आईएएस) प्रेरणा पुरी ने बताया कि अंतिम सूची निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के दफ्तरों तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के पास आम जनता के सत्यापन के लिए उपलब्ध करा दी गई है। इसके अलावा नागरिक मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट (ceochandigarh.gov.in) से भी सूची डाउनलोड कर सकते हैं। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम सूची की प्रतियां सौंप दी गई हैं। इसके साथ ही 709 सेवा मतदाताओं (सर्विस वोटर्स) की सूची भी जारी की गई है।
गणना प्रपत्र न लौटने पर बाहर हुए थे 66,145 नाम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 15 जुलाई को गणना चरण शुरू होने से पहले शहर में 5,16,427 मतदाता दर्ज थे। बीएलओ के जरिए सभी के गणना प्रपत्र वितरित किए गए, जिनमें से 4,50,282 प्रपत्र ही वापस आए। जिन 66,145 मतदाताओं के फॉर्म वापस नहीं मिले, उन्हें कारणों सहित चिह्नित कर प्रारूप सूची से बाहर किया गया। इनमें 43,725 स्थानांतरित (शिफ्टेड), 12,567 अनुपस्थित, 3,535 मृत, 2,590 डुप्लीकेट और 3,728 अन्य श्रेणी के मामले थे।
सुनवाई के बाद 4,644 अपात्र घोषित
21 जुलाई को प्रकाशित 4,50,282 मतदाताओं वाली प्रारूप सूची के बाद नोटिस चरण में 1.38 लाख वोटरों को नोटिस भेजे गए थे। इनमें 69,500 अनमैप्ड और 68,700 तार्किक विसंगतियों (डिस्क्रीपेंसी) वाले मामले शामिल थे। ईआरओ और एईआरओ द्वारा दस्तावेजों की गहन जांच और व्यक्तिगत सुनवाई के बाद 4,644 मतदाताओं के दस्तावेज असंतोषजनक पाए गए अथवा वे गैर-हाजिर रहे, जिन्हें 'स्पीकिंग ऑर्डर' जारी कर अपात्र घोषित किया गया।
दावे-आपत्तियों के बाद जुड़े 15 हजार से अधिक वोटर
दावे और आपत्तियों की अवधि के दौरान कुल 17,891 आवेदनों का निस्तारण किया गया। अंतिम चरण में 15,117 नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 5,190 अपात्र प्रविष्टियों को हटाया गया। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को अद्यतन रखने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। नए नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन या पते में बदलाव के लिए फॉर्म-8 ऑनलाइन व ऑफलाइन जमा किए जा सकते हैं। किसी भी जानकारी अथवा स्पष्टीकरण के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।