चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि नशे के खतरे से निपटने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, जबकि नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को समय पर उपचार, पुनर्वास और पारिवारिक सहयोग देकर समाज की मुख्यधारा में लौटाना जरूरी है। कटारिया मंगलवार को यूटी सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'नशा मुक्त भारत अभियान' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में गृह-सह-स्वास्थ्य सचिव मंदीप सिंह बराड़, मत्स्य विभाग के सचिव प्रदीप कुमार तथा स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक डॉ. सुमन सिंह सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, एनजीओ प्रतिनिधि और युवा मौजूद रहे। इस मौके पर प्रशासक ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। साथ ही, वर्चुअल माध्यम से चंडीगढ़ की करीब 60 स्वास्थ्य डिस्पेंसरियों, आयुष्मान आरोग्य केंद्रों, पीजीआईएमईआर, जीएमसीएच-32 और सिविल अस्पतालों को भी इस शपथ ग्रहण से जोड़ा गया।
एनएसएस कैडेट्स बनें 'नशा मुक्त मित्र'
युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए प्रशासक ने एनएसएस कैडेट्स से 'नशा मुक्त मित्र' बनकर शिक्षण संस्थानों में अभियान के दूत के रूप में कार्य करने का आह्वान किया। सिख गुरुओं, शहीद भगत सिंह और शहीद ऊधम सिंह के बलिदानों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक धरती ने हर संकट का डटकर मुकाबला किया है, इसलिए आज नशे के खिलाफ भी उसी दृढ़ संकल्प के साथ खड़े होने की आवश्यकता है। उन्होंने शहर में प्रस्तावित डोर-टू-डोर सर्वे और जागरूकता अभियानों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सवा साल में 76 हजार से अधिक ओपीडी परामर्श
स्वास्थ्य सचिव मंदीप सिंह बराड़ ने प्रशासनिक प्रयासों का ब्योरा देते हुए बताया कि अप्रैल 2025 से जुलाई 2026 के बीच शहर के नशामुक्ति उपचार केंद्रों में कुल 76,615 ओपीडी परामर्श दर्ज किए गए। इनमें 6,774 नए पंजीकरण और 69,641 फॉलो-अप विजिट शामिल हैं, जबकि 1,131 मरीजों को इन-पेशेंट (भर्ती कर) उपचार दिया गया। इसी अवधि में जीएमएसएच-16 के नशामुक्ति केंद्र में 3,066 ओपीडी परामर्श हुए और 101 मरीजों को भर्ती कर इलाज मुहैया कराया गया।
नशे से उबरने वाले और सहयोगी संस्थाएं सम्मानित
समारोह का मुख्य आकर्षण नशे की लत को मात देकर सामान्य जीवन जी रहे लोगों का सम्मान रहा। इस दौरान एक व्यक्ति ने अपनी रिकवरी यात्रा साझा कर युवाओं को प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त नशामुक्ति और पुनर्वास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संगठनों—एसपीवाईएम (SPYM), द आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन, अल्कोहॉलिक्स एनॉनिमस और नारकोटिक्स एनॉनिमस को भी सम्मानित किया गया।