चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) शहर को नशा मुक्त बनाने की दिशा में पुलिस और प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियानों के तहत वीरवार को बुड़ैल क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए खेलों एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी अल्पसंख्यक विंग के प्रदेश अध्यक्ष व वार्ड नंबर 33 (बुड़ैल) से समाजसेवी शादाब राठी ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल नशे का विरोध करना भर नहीं है, बल्कि भटके हुए युवाओं को सही दिशा दिखाना है। युवाओं को नशे की गर्त से बाहर निकालकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक कार्यों से जोड़ना वक्त की सबसे बड़ी जरूरत है।
उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक को अपने वार्ड और मोहल्ले को सुरक्षित व नशा मुक्त बनाने की जिम्मेदारी लेनी होगी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक सुर में नशे को 'ना' कहने, युवाओं का मार्गदर्शन करने और खेलकूद को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया। इस दौरान 'नशा छोड़ो, खेल से नाता जोड़ो' और 'नशा मुक्त चंडीगढ़-नशा मुक्त बुड़ैल' का आह्वान किया गया।