चंडीगढ़, नशे के खिलाफ अभियान तेज करते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को सेक्टर-45-सी स्थित कम्युनिटी सेंटर में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें बुडैल और सेक्टर-45 के करीब 300 स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। लोगों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में बुडैल के पार्षद कंवर राणा और सेक्टर-45 के पार्षद गुरप्रीत सिंह गैबी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए। कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में आयोजित किया गया।
लोगों की समस्याएं सुनीं
संवाद के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की समस्याएं, सुझाव और शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि वास्तविक शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। साथ ही नशा तस्करों और समुदाय की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।
पुलिस ने लोगों से अपने क्षेत्रों में नशा तस्करी, नशे के सेवन और असामाजिक गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।morepic2
इन नंबरों पर दें सूचना
नशे से संबंधित सूचना देने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने एंटी-ड्रग हेल्पलाइन के मोबाइल नंबर 8283040100 और लैंडलाइन नंबर 0172-2677037 जारी किए हैं। इसके अलावा मानस हेल्पलाइन 1933 पर भी सूचना दी जा सकती है।
चंडीगढ़ पुलिस ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने, नशे के कारोबार पर रोक लगाने और नशे के नेटवर्क को खत्म करने के प्रयास जारी रहेंगे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सहयोग का भरोसा दिलाया।