चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) केंद्रीय वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत देशभर के बैंकिंग संस्थानों द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ राष्ट्रव्यापी अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सिटी ब्यूटीफुल के दिल कहे जाने वाले सेक्टर-17 के वाणिज्यिक क्षेत्र में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) पंजाब और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की सेक्टर 17-बी शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से सफाई अभियान चलाया।
अभियान के दौरान बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामकर सेक्टर-17 के प्रमुख गलियारों, प्लाजा क्षेत्र और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई की तथा कूड़ा-कर्कट एकत्र कर उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया। श्रमदान के बाद मौके पर मौजूद व्यापारियों, ग्राहकों और आम नागरिकों को स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
एसएलबीसी पंजाब के उप महाप्रबंधक (डीजीएम) रामकिशोर मीना ने बताया कि इस वर्ष यह पखवाड़ा “स्वच्छता में सहभाग – स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के मूल मंत्र पर आधारित है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग में स्वच्छता को एक दैनिक आदत और नागरिक कर्तव्य के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग संस्थान न केवल वित्तीय समावेशन बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और स्वच्छता जैसे राष्ट्रीय अभियानों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
1 अक्तूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान
कार्यक्रम के दौरान मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार ने आगामी गतिविधियों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि पखवाड़े के तहत 1 अक्तूबर को देशभर में सुबह 8 बजे “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर व्यापक श्रमदान कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें बैंक कर्मी और स्थानीय नागरिक मिलकर सार्वजनिक स्थलों का कायाकल्प करेंगे। इसके उपरांत 2 अक्तूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छ भारत दिवस’ गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा।
वहीं, पीएनबी 17-बी के शाखा प्रबंधक शिवराज विज ने पर्यावरण संरक्षण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अभियान के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ विशेष पहल चलाई जाएगी, जिसके अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर हरित पट्टी विकसित करने के लिए सघन पौधारोपण किया जाएगा।
इस मौके पर मुख्य रूप से सुनील कुमार, शिवराज विज, बिन्नी भाटिया, रजनी वालिया, दलीप कुमार, निधि शर्मा और शिखा तंवर सहित बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।