चंडीगढ़, शहर में चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान को लेकर आम आदमी पार्टी के अल्पसंख्यक विंग के प्रदेश अध्यक्ष व समाजसेवी शादाब राठी ने चंडीगढ़ पुलिस व प्रशासन से इस मुहिम को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने की मांग की है।
शादाब राठी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक दल, व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए पुलिस को शहर के हर वर्ग, जिम्मेदार नागरिकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों और युवा क्लबों को साथ जोड़कर अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुहिम का मुख्य केंद्र जन-जागरूकता और जमीनी भागीदारी होनी चाहिए, न कि किसी दल या नेता विशेष का प्रचार।
उन्होंने सुझाव दिया कि शहर के प्रत्येक सेक्टर में संबंधित थाना प्रभारियों (एसएचओ) को स्थानीय नागरिकों व सामाजिक संस्थाओं के साथ निरंतर समन्वय बैठकें करनी चाहिए। स्थानीय स्तर पर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए। राठी ने कहा कि जब प्रशासन, पुलिस और नागरिक एकजुट होकर काम करेंगे, तभी चंडीगढ़ को पूरी तरह नशा मुक्त बनाया जा सकेगा।