चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए पंजाब ने एक बार फिर बड़ा दिल दिखाया है। मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए पंजाब स्टेट रेड क्रॉस ने शुक्रवार को राहत सामग्री की तीसरी और अब तक की सबसे बड़ी खेप नेपाल रवाना की।
पंजाब के राज्यपाल और पंजाब स्टेट रेड क्रॉस के अध्यक्ष गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब लोक भवन से लगभग 1.40 करोड़ रुपये की राहत सामग्री से लदे 7 बड़े ट्रकों को हरी झंडी दिखाई। करीब 52 टन वजनी इस खेप में जनरेटर सेट, कंबल, तिरपाल, सोलर लाइट और आपातकालीन इस्तेमाल का अन्य जरूरी सामान शामिल है।
जरूरत के हिसाब से भेजी गई मदद
राज्यपाल कटारिया ने बताया कि यह सामग्री नेपाल रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा साझा की गई जरूरतों की सूची के आधार पर ही भेजी गई है, ताकि प्रभावितों को तत्काल और सटीक मदद मिल सके। इस पुनीत कार्य में ‘अमेजन’ (Amazon) और ‘डोनेटकार्ट फाउंडेशन’ का विशेष सहयोग रहा। खास बात यह है कि अमेजन द्वारा मुहैया कराई गई यह राहत सामग्री पंजाब और चंडीगढ़ क्षेत्र से ही खरीदी गई है। इससे न केवल नेपाल तक मदद पहुंची है, बल्कि स्थानीय कारोबारियों को भी लाभ हुआ है।
मुश्किल वक्त में नेपाल के साथ है पंजाब
राज्यपाल ने राहत अभियान में सहयोग देने वाली सभी संस्थाओं का आभार जताते हुए कहा कि पंजाब के लोग संकट की हर घड़ी में जरूरतमंदों के साथ खड़े रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी पंजाब स्टेट रेड क्रॉस की ओर से 1 सितंबर को 10 लाख रुपये (राशन व कपड़े) और 18 सितंबर को 38 लाख रुपये की राहत सामग्री नेपाल भेजी जा चुकी है।
इस अवसर पर पंजाब स्टेट रेड क्रॉस के सचिव शिवदुलार सिंह ढिल्लों सहित अमेजन और डोनेटकार्ट फाउंडेशन के प्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे।