चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वीरवार को महिला मोर्चा ने शहर के सभी 6 जिलों में व्यापक स्तर पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रमों का आयोजन किया। प्रदेश अध्यक्ष सोनम वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज के नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ खुशियां बांटना, जमीनी स्तर पर सेवा दे रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को सम्मानित करना तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करना रहा।
इस विशेष अभियान के तहत महिला मोर्चा की सभी जिलाध्यक्षों और जिला-मंडल टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान केंद्रों में मौजूद बच्चों को फल, जूस और खिलौने वितरित किए गए। बच्चों के साथ खेल-खेल में विभिन्न आनंददायक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिससे पूरा माहौल उत्सव जैसा बन गया।
कार्यकर्ताओं का अभिनंदन और योजनाओं पर चर्चा
कार्यक्रम के अगले चरण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समाज के प्रति उनकी निरंतर सेवा, निष्ठा और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ये कार्यकर्ता समाज की रीढ़ हैं जो बच्चों के शुरुआती पोषण और शिक्षा की नींव मजबूत कर रही हैं। इसके साथ ही, केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए लाभार्थी माताओं के साथ विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। माताओं से फीडबैक लिया गया कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल्याणकारी योजनाओं का कितना लाभ मिला है और इन योजनाओं ने उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में किस प्रकार सकारात्मक बदलाव किए हैं।
सेवा संगठन की कार्यसंस्कृति का हिस्सा : सोनम वर्मा
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सोनम वर्मा ने कहा कि पार्टी के लिए सेवा केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि संगठन के संस्कारों और कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर शुरू किया गया यह ‘सेवा संकल्प अभियान’ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचकर संवेदना और सहयोग का संदेश दे रहा है।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महिला मोर्चा की सभी जिला अध्यक्षों, पदाधिकारियों, मंडल टीमों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों और सेवा भाव से ही ऐसे बड़े जनहित के कार्यक्रम सफल होते हैं। महिला मोर्चा भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।