चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में निरंतर 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वीरवार को धनास में एक विशेष ‘सेवा सेतु’ शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे धरातल पर पहुंचाना रहा।
शिविर में सुबह से ही स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर विभिन्न जनहितैषी योजनाओं के लिए पंजीकरण कराया और अपनी समस्याओं का मौके पर समाधान पाया। शिविर में मुख्य रूप से राशन कार्ड, लेबर (श्रमिक) कार्ड, सामाजिक कल्याण पेंशन (वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन), पीएम विश्वकर्मा योजना तथा उद्यम/एमएसएमई से जुड़े लाभ एवं सहायता एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम के संयोजक शिविंदर मधोत्रा और सह-संयोजक सोनिया दुग्गल ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत इस पूरे महीने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे कई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल उद्देश्य ‘सेवा ही संगठन’ की भावना को चरितार्थ करना और सरकारी योजनाओं को सीधे जरूरतमंदों के घर-द्वार तक पहुंचाकर अंतिम व्यक्ति को सशक्त बनाना है।
इस अवसर पर भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा सहित कई वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों एवं नेताओं ने शिविर का दौरा किया। प्रदेश अध्यक्ष ने वहां मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लाभार्थियों से बातचीत की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल की प्रेरणा से भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनकल्याण और सेवा कार्यों के लिए पूर्ण रूप से समर्पित है।