चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) धनास की चार मंजिल कॉलोनी स्थित स्मॉल फ्लैट्स में 26 और 27 सितंबर को लगाए गए दो दिवसीय मेगा स्वास्थ्य शिविर में 1300 से अधिक लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में करीब 50 मरीजों में मोतियाबिंद की सर्जरी की जरूरत पाई गई। भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश ने इन मरीजों की सर्जरी का खर्च उठाने की घोषणा की है।
शिविर का आयोजन भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत किया गया। इसमें ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, हड्डियों की मजबूती, डीईएक्सए स्कैन और आंखों की जांच समेत विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जीएमसीएच-32 की डीईएक्सए स्कैन एवं मैमोग्राफी वैन से करीब 140 लोगों की जांच की गई।
300 लोगों में रक्त शर्करा अधिक मिली
शिविर में करीब 300 मरीजों में रक्त शर्करा का स्तर अत्यधिक पाया गया। इनमें कुछ लोग ऐसे भी थे, जिन्हें पहली बार मधुमेह होने की जानकारी मिली। चिकित्सकों ने उन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए परामर्श दिया। जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी दी गईं। कुछ मरीजों को आगामी तीन महीने तक की दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में जीएमसीएच-32 और राजकीय बहु-विशेषता अस्पताल, सेक्टर-16 के चिकित्सकों व मेडिकल स्टाफ ने सहयोग किया। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष ललित तकियार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में प्रभारी डॉ. संजीव भाटिया समेत टीम के सदस्यों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।