चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत नगर निगम चंडीगढ़ ने सेक्टर-15 स्थित वेंडिंग जोन (अपनी मंडी स्थल) में ‘स्वच्छता के लिए श्रमदान’ अभियान चलाया। महापौर सौरभ जोशी ने सफाई अभियान की अगुवाई की। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, संयुक्त आयुक्त बलबीर राज सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. इंद्रदीप कौर सहित क्षेत्र के प्रमुख लोग मौजूद रहे।
महापौर ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें शहर के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों, रेहड़ी-फड़ी संचालकों और मार्केट एसोसिएशनों समेत सभी संबंधित पक्षों से स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने और कचरे के उचित प्रबंधन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने सार्वजनिक और व्यावसायिक स्थानों पर लगातार स्वच्छता बनाए रखने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि विशेष सफाई अभियानों के बाद भी इन स्थानों पर स्वच्छता का स्तर बनाए रखा जाना चाहिए।
अभियान के दौरान ‘स्वच्छता में सहभाग—स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के तहत नागरिक भागीदारी और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन का संदेश दिया गया। नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में स्वच्छता और जागरूकता गतिविधियां जारी रखने की बात कही गई।