चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ संदेश के साथ श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (पर्यटन एवं खान-पान) संजय मिश्रा के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने सफाई अभियान में भाग लिया।
संजय मिश्रा ने रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह एक नए प्रयास की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान की अवधि समाप्त होने के बाद भी इसी तर्ज पर स्वच्छता अभियान पूरे वर्ष जारी रखे जाएंगे। उन्होंने स्वयं सफाई गतिविधियों में हिस्सा लेकर सफाई कर्मियों और रेलवे कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया।
सफाई मित्रों के स्वास्थ्य पर भी जोर
भारतीय रेल की ओर से जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए 30 दिवसीय स्वच्छता पखवाड़ा-2026 और विशेष अभियान 6.0 चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग : स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ है। अभियान में स्वच्छता, जनभागीदारी, जागरूकता और सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विशेष अभियान 6.0 के तहत 2 से 31 अक्तूबर तक रेलवे कार्यालयों और परिसरों में स्वच्छता को संस्थागत रूप देने, लंबित मामलों के निस्तारण, अभिलेखों एवं स्थानों के व्यवस्थित प्रबंधन तथा ई-कचरे के संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण पर ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट मार्केटिंग), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।